Dadri -Gr.Noidaउत्तर प्रदेश

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण, जिला गंगा एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक संपन्न

ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्ध नगर): जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार, गौतमबुद्धनगर में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जनपद में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण नियंत्रण, नदियों की स्वच्छता एवं अपशिष्ट के समुचित निस्तारण से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

वृक्षारोपण की जियो-टैगिंग पर दिया जोर

बैठक के दौरान प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल ने संबंधित समितियों के अंतर्गत संचालित कार्यों तथा वृक्षारोपण वर्ष 2026-27 के तहत विभागवार पौधों की जियो-टैगिंग की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रोपित पौधों की जियो-टैगिंग शत-प्रतिशत पूर्ण कराई जाए, साथ ही उनकी जीवितता का नियमित सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को वृक्षारोपण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करने तथा पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उन्हें जीवित रखना और संरक्षित करना भी उतना ही जरूरी है।

वायु प्रदूषण नियंत्रण और सड़कों की सफाई की समीक्षा

जिला पर्यावरण समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए संचालित मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों की कार्यप्रणाली एवं सड़कों की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित प्राधिकरणों एवं विभागों को निर्देश दिए कि सड़कों पर एकत्रित धूल की नियमित सफाई कराई जाए तथा मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि धूलजनित प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके।

सड़क खुदाई के बाद मरम्मत के निर्देश

बैठक में विद्युत विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों द्वारा विकास कार्यों के लिए सड़कों की खुदाई एवं उसके उपरांत मरम्मत की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कार्य पूर्ण होते ही संबंधित एजेंसियां खोदी गई सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराएं, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा न हो तथा धूलजनित प्रदूषण की रोकथाम भी सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि सड़कों को लंबे समय तक खुदा हुआ छोड़ना लापरवाही है, इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि प्रदूषण भी बढ़ता है।

कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण पर जोर

इसके अतिरिक्त हॉर्टीकल्चर वेस्ट, कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन (सी एंड डी) वेस्ट एवं म्युनिसिपल सॉलिड वेस्ट के निस्तारण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्धारित मानकों के अनुरूप इनका वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर कूड़ा तथा निर्माण मलबा एकत्रित न होने देने और प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराने को कहा।

यमुना-हिंडन की स्वच्छता पर चर्चा

जिला गंगा समिति की समीक्षा के दौरान यमुना एवं हिंडन नदियों की स्वच्छता और संरक्षण से संबंधित कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने नदियों में गिरने वाले अनुपचारित नालों के उपचार तथा जल प्रदूषण की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही नदियों एवं नालों में ठोस अपशिष्ट के निस्तारण की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने तथा नदी तटों की नियमित साफ-सफाई एवं संरक्षण कार्यों को प्राथमिकता से संचालित करने को कहा।

उन्होंने राष्ट्रीय हरित अधिकरण एवं शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसीईओ की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी

बैठक में संबंधित प्राधिकरणों के एसीईओ की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अनुपस्थित अधिकारियों के संबंध में मुख्य कार्यपालक अधिकारियों को पत्र प्रेषित किया जाए।

उन्होंने कहा कि आगामी आयोजित होने वाली समिति की बैठकों में सभी संबंधित प्राधिकरणों एवं विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की प्रभावी समीक्षा के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, प्रभागीय वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल, एडीसीपी (HQ) अर्चना सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे सहित संबंधित प्राधिकरणों, नगर निकायों, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button