दादरी में दिनदहाड़े CNG पंप पर ATM कैश वैन से 25 लाख और लाइसेंसी पिस्टल लेकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश

दादरी (गौतमबुद्ध नगर): कोतवाली नगर क्षेत्र से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक सीएनजी पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को दिनदहाड़े एटीएम में कैश डालने का काम करने वाले कर्मचारी की गाड़ी से अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने नकदी से भरा बैग और लाइसेंसी पिस्टल ली और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की पहचान अनिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनिल एटीएम में पैसे डालने का कार्य करता है और इसी काम के लिए कैश लेकर जा रहा था।
कैसे हुई वारदात?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनिल अपनी गाड़ी में सीएनजी भरवाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सीएनजी पंप पर रुका था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे।
बदमाशों ने मौका पाते ही गाड़ी में रखा नकदी भरा बैग अचानक निकाल लिया और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। जब तक पीड़ित कुछ समझ पाता, बदमाश उसकी पहुंच से काफी दूर निकल चुके थे। पीड़ित हाथ मलता रह गया।
शुरुआती जानकारी में लूटी गई रकम करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ सूत्रों में रकम 40 लाख रुपये तक भी बताई जा रही है। पुलिस रकम की सही पुष्टि के बाद ही आधिकारिक आंकड़ा जारी करेगी।
पुलिस मौके पर, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
घटना की सूचना क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
इस संबंध में जब एडिशनल डीसीपी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि बदमाश पीड़ित की गाड़ी से बैग लेकर फरार हुए हैं, जिनकी प्रमुखता से तलाश की जा रही है।
पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, जिसमें दो बदमाश गाड़ी में रखा बैग और उसमें रखी पिस्टल ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
कई टीमें गठित
पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, पंप कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।



