
कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
आजकल बाज़ार में एक नया और बेहद मुनाफ़े वाला स्टार्टअप चल निकला है—दूसरों का ‘कल’ बेचकर अपना ‘आज’ चमकाने का धंधा। कोई हाथ की लकीरों में राजयोग ढूँढ रहा है, तो कोई तोते की चोंच से निकले लिफ़ाफ़े में किस्मत का पासवर्ड। कोई ग्रहों की चाल बदलकर अपनी बैंक बैलेंस की चाल तेज़ कर रहा है, तो कोई किसी की सूनी गोद में ‘बेटा’ होने की गारंटी बाँटकर अपनी तिजोरी भर रहा है।
लेकिन मुजफ्फरनगर की एक ख़बर ने भविष्य बाँचने वाले तमाम ‘अंतर्यामियों’ के लिए एक ऐसा अलार्म बजा दिया है, जिसकी गूँज उनके आसन तक जानी चाहिए। 81 साल के पुजारी जी ने यजमान को खुश करने के लिए भविष्यवाणी कर दी कि घर में बेटा होगा, मगर प्रकृति ने अपनी मर्ज़ी चलाई और घर में बेटी ने जन्म ले लिया। बस फिर क्या था—भविष्य की ‘गारंटी’ फेल हुई, तो यजमान ने पुजारी जी का ‘वर्तमान’ ही समाप्त कर दिया!
विडंबना देखिए! जो लोग दूसरों को आने वाले दशकों का हाल सुनाते हैं, उन्हें अगले ही पल अपने ऊपर मंडरा रहे संकट की भनक तक नहीं लगती। जो यजमान को ‘अकाल मृत्यु’ टालने के टोटके बेचते हैं, वे खुद अपने सामने तनी हुई बंदूक की नली नहीं पढ़ पाते।
यह घटना उन सभी स्वघोषित त्रिकालदर्शियों के लिए एक सीधी और तीखी चेतावनी है जो अंधविश्वास की खेती कर अपनी फ़सल काट रहे हैं। याद रखिए, आप जिस ग्राहक को मीठे सपनों की अफ़ीम चटा रहे हैं, वह आज के दौर का बेहद अधीर और हिंसक उपभोक्ता है। वह ‘नो रिफंड, नो एक्सचेंज’ की पॉलिसी नहीं मानता। जब आपकी भविष्यवाणी का सिक्का खोटा निकलता है, तो वह केवल दक्षिणा वापस नहीं माँगता, बल्कि हिसाब सीधा ‘ऑन द स्पॉट’ चुकता करने पर उतर आता है।
और दूसरी तरफ़, यह उन अंधभक्तों के लिए भी आईना है जो बेटी के जन्म पर जश्न मनाने के बजाय बंदूक उठा लेते हैं। जो यह नहीं समझ पाते कि कोख में पल रहा जीवन किसी बाबा की फूँक या पंडित की पोथी से नहीं, बल्कि कुदरत के विधान से तय होता है।
इसलिए हे भविष्य के स्वयंभू विधाताओं! दूसरों की कुंडली के राहु-केतु शांत करने से पहले, अपने आसपास के माहौल और यजमानों की नीयत का ‘गोचर’ ज़रूर देख लें। कहीं ऐसा न हो कि दूसरों का सुनहरा भविष्य गढ़ते-गढ़ते, आपका अपना वर्तमान ही इतिहास बन जाए!



