उपजाऊ है झूठ की खेती

कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
डिजिटल युग में जहां एक तरफ विज्ञान और तकनीक ने दुनिया को मुट्ठी में कर लिया है, वहीं दूसरी तरफ कुछ ‘अति-उत्साही’ कृषि वैज्ञानिकों ने अपनी उंगलियों के दम पर एक नई तरह की खेती शुरू कर दी है। इस खेती के लिए न तो उपजाऊ जमीन की जरूरत है, न मानसून के इंतजार की, और न ही खाद-पानी की। इसके लिए बस एक अदद स्मार्टफोन, सस्ता इंटरनेट डेटा और ‘फॉरवर्ड’ बटन दबाने वाला एक अंगूठा पर्याप्त है।
सोशल मीडिया के इन आधुनिक किसानों की मुख्य फसल है—’भ्रम’, जिसका बीज ‘झूठ’ की नर्सरी में तैयार किया जाता है। सुबह की पहली चाय के साथ ही फेसबुक की ‘वॉल’ और व्हाट्सएप के ‘गुड मॉर्निंग’ ग्रुप्स में इन बीजों की बुवाई शुरू हो जाती है। इस फसल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे पकने में महीनों नहीं लगते; यह महज कुछ सेकंड्स में ‘वायरल’ होकर लहलहाने लगती है।
इन डिजिटल किसानों के पास हर मर्ज की दवा और हर घटना का ‘एक्सक्लूसिव’ सच मौजूद रहता है। इनके ‘व्हाट्सएप विश्वविद्यालय’ के पाठ्यक्रम इतने उन्नत हैं कि दुनिया के बड़े-बड़े शोध संस्थान भी इनके आगे पानी भरते नजर आते हैं। कभी किसी ऐतिहासिक तथ्य को नया रंग दे दिया जाता है, तो कभी किसी पुरानी तस्वीर को ताजा घटना बताकर परोस दिया जाता है। जब इस फसल में ‘सनसनी’ और ‘अफवाह’ की खाद डाली जाती है, तो इसकी पैदावार इतनी बंपर होती है कि समाज के शांत तालाब में बिना किसी पत्थर के ही ऊंची-ऊंची लहरें उठने लगती हैं।
इस पूरी प्रक्रिया में सबसे दिलचस्प किरदार उन ‘उपभोक्ताओं’ का होता है, जो बिना किसी जांच-परख या ‘फैक्ट-चेक’ के इस फसल को हाथों-हाथ खरीदते हैं और आगे बांटना अपना परम कर्तव्य समझते हैं। इन के लिए संदेश के नीचे लिखा “आगे भी भेजें, वरना…” या “यह बात मीडिया नहीं दिखाएगा” जैसा वाक्य किसी ब्रह्मवाक्य से कम नहीं होता। तर्क और प्रमाण की छलनी को ये लोग घर की खूंटी पर टांग कर रखते हैं, ताकि किसी भी खबर को पचाने में कोई अपच न हो।
बहरहाल, सूचना क्रांति के इस दौर में इन ‘आभासी कृषकों’ की मेहनत का ही नतीजा है कि आजकल असली सच को अपने वजूद का सबूत देने के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, जबकि झूठ की फसल बिना किसी मौसम की मार झेले हर फोन की स्क्रीन पर लहलहा रही है।



