दादरी: 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आकर इलेक्ट्रिशियन की मौत, परिवार में कोहराम

दादरी (गौतमबुद्ध नगर): बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव कुड़ी खेड़ा में बुधवार को बिजली का काम करते समय एक इलेक्ट्रिशियन की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रशांत (मूल निवासी – एटा) के रूप में हुई है। वह कुड़ी खेड़ा गांव में रहकर बिजली के कार्य से अपने परिवार का जीवन यापन कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को प्रशांत अपने साथी अनिल कुमार के साथ कुड़ी खेड़ा गांव में एक घर में बिजली का काम करने गया था। घर का मालिक दोनों को चाबी देकर अपने काम पर चला गया था। दोनों घर में बिजली का काम कर रहे थे।
इसी दौरान प्रशांत थोड़ा रिफ्रेश होने के लिए छत पर चला गया। छत के पास से ही 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन गुजर रही थी। अचानक वह उसकी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
साथी अनिल ने आनन-फानन में उसे पास के मोहनस्वरूप अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे रेफर कर दिया। इसके बाद उसे रेलवे रोड स्थित नवीन अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर परिजन दादरी पहुंचे। परिजनों ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई से मना कर दिया। कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने गृह जनपद एटा लेकर चले गए।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।



