आधी आबादीदेश-दुनिया

IMA गाजियाबाद की नई टीम 1 अक्टूबर से संभालेगी कमान, बच्चों की सेहत से डॉक्टरों के ज्ञानवर्धन तक रहेगा फोकस

गाजियाबाद, 29 सितंबर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) गाजियाबाद की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी आगामी 1 अक्टूबर से कार्यभार संभालेगी। नई कार्यकारिणी की प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को लेकर मंगलवार को पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संस्था की ओर से बच्चों और आम लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ चिकित्सकों के निरंतर ज्ञानवर्धन और डॉक्टर-मरीज के बीच बेहतर संवाद पर जोर दिया गया।

पत्रकार वार्ता की शुरुआत IMA गाजियाबाद के सचिव डॉ. राजीव त्यागी ने की। उन्होंने वर्षभर संस्था की गतिविधियों और सामाजिक पहलों को आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया के सहयोग के लिए आभार जताया। मीडिया प्रभारी डॉ. नवनीत वर्मा ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का परिचय कराया।

नई टीम में अध्यक्ष डॉ. प्रवीण चावला, अध्यक्ष निर्वाचित डॉ. अर्चना शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. ए.के. अनुरागी, सचिव डॉ. राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष डॉ. सारिका जैन, संयुक्त सचिव डॉ. पारुत एवं डॉ. प्रियंका गुप्ता तथा संयुक्त कोषाध्यक्ष डॉ. रुपाली जोशी शामिल हैं।

बच्चों से शुरू होगी स्वास्थ्य जागरूकता

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. प्रवीण चावला ने कहा कि नई कार्यकारिणी का प्रयास स्वास्थ्य जागरूकता को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का रहेगा। खासतौर पर बच्चों और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने पर ध्यान दिया जाएगा।

स्कूलों और सामाजिक स्तर पर स्वस्थ खान-पान, नियमित व्यायाम, मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मानसिक स्वास्थ्य, नशे से बचाव और टीकाकरण जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। उनका कहना है कि बचपन से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित होने से इसका सकारात्मक असर परिवार और समाज पर भी पड़ सकता है।

डॉक्टरों के ज्ञानवर्धन पर भी जोर

चिकित्सा क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच चिकित्सकों को नई तकनीक और उपचार पद्धतियों से अपडेट रखने पर भी विशेष जोर रहेगा। इसके लिए CME, कार्यशालाओं, केस डिस्कशन और विशेषज्ञों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा।

डॉ. चावला ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) समेत नई तकनीकों का चिकित्सा क्षेत्र में उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में चिकित्सकों का निरंतर ज्ञानवर्धन समय की आवश्यकता है।

डॉक्टर-मरीज संवाद और चिकित्सकों के स्वास्थ्य पर फोकस

नई कार्यकारिणी डॉक्टर-मरीज के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने की दिशा में भी काम करेगी। डॉ. चावला ने कहा कि बेहतर चिकित्सा सेवा के लिए चिकित्सकीय ज्ञान के साथ संवेदनशीलता और प्रभावी संवाद भी जरूरी है। संस्था का प्रयास शिकायतों के बजाय संवाद और समाधान की संस्कृति को बढ़ावा देना रहेगा।

इसके साथ ही चिकित्सकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और वर्क-लाइफ बैलेंस जैसे मुद्दों पर भी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

डॉ. चावला ने नई कार्यकारिणी के विजन को “स्वस्थ समाज, ज्ञानवर्धन, सम्मानित चिकित्सा बिरादरी और स्वस्थ चिकित्सक” के चार प्रमुख विचारों में समेटा। कार्यक्रम के अंत में डॉ. नवनीत वर्मा ने मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

J S Nehra

लेखन केवल शब्दों का संग्रह नहीं, बल्कि विचारों और भावनाओं को समाज तक पहुँचाने का माध्यम है। मेरी कोशिश है कि मेरी लेखनी लोगों को सोचने, समझने और सकारात्मक बदलाव की ओर प्रेरित करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button