
कृष्ण गोपाल विद्यार्थी
बहादुरगढ़: आजादी आंदोलन के महान क्रांतिकारी अमर शहीद करतार सिंह सराभा का 111वां शहादत दिवस ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं व समर्थकों द्वारा बड़े आदर और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शहीद के चित्र पर माल्यार्पण कर और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के प्रदेश सचिव जयकरण मांडौठी और जिला कमेटी सदस्य रामकिशन ने शहीद सराभा के क्रांतिकारी जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मात्र 19 वर्ष की अल्पायु में हंसते-हंसते फांसी के फंदे को गले लगाने से पूर्व करतार सिंह सराभा ने लाहौर जेल की दीवारों पर यह अमर संदेश लिखा था— “शहीदों का खून व्यर्थ नहीं जाता।”

उच्च शिक्षा छोड़ चुनी क्रांति की राह
वक्ताओं ने बताया कि इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद करतार सिंह सराभा उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका गए थे। लेकिन वहां भारतीय प्रवासियों द्वारा ‘गदर पार्टी’ के गठन के साथ ही वे इसके अग्रणी क्रांतिकारी बन गए। मातृभूमि को अंग्रेजी दासता से मुक्त कराने का संकल्प लेकर वे सैकड़ों गदरी आंदोलनकारियों के साथ भारत लौटे और 1913 से 1915 के बीच पंजाब में सशस्त्र संग्राम की अलख जगाई। इस आंदोलन से घबराई ब्रिटिश हुकूमत ने दमन चक्र चलाया, जिसमें कई क्रांतिकारियों को तोप से उड़ा दिया गया और अनेक को काला पानी की सजा हुई। 16 नवंबर 1915 को करतार सिंह सराभा को उनके छह साथियों के साथ फांसी दे दी गई।
भगत सिंह के आदर्श थे सराभा
अत्यंत प्रतिभाशाली और दूरदर्शी सराभा का मानना था कि “बूढ़े होकर व्यर्थ मरने से बेहतर है कि वतन के लिए कम उम्र में हंसते हुए कुर्बान हो जाया जाए।” उनकी इसी निर्भीकता और बलिदान ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को गहराई से प्रभावित किया। भगत सिंह उन्हें अपना आदर्श मानते थे और हमेशा उनकी तस्वीर अपनी जेब में रखते थे।
शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने का आह्वान
सभा के अंत में वक्ताओं ने वर्तमान सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि करतार सिंह सराभा की शहादत आज भी समाज के सामने कई गंभीर सवाल खड़े करती है। जिस शोषण, जुल्म और अत्याचार के खिलाफ उन्होंने अपने प्राण न्योछावर किए, आज भी देश का किसान, मजदूर, छात्र, नौजवान और महिलाएं पूंजीवादी व्यवस्था और शोषण की चक्की में पिसने को मजबूर हैं। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि आज पहले से कहीं अधिक इस बात पर विचार करने और संघर्ष करने की आवश्यकता है कि आम जनता को इस शोषण से मुक्ति कैसे मिले और शहीदों के सपनों का भारत कैसे बने।



