
छोटी काशी दानियों की भूमि भी है: राजेश चेतन
दिल्ली के वरिष्ठ चिकित्सक करेंगे नेत्र व कैंसर की निःशुल्क जांच
भिवानी। गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा में निरंतर संलग्न प्रमुख समाजसेवी संस्था ‘भिवानी परिवार मैत्री संघ’ द्वारा भिवानी के दिग्गज ज्वेलर एवं जाने-माने समाजसेवी स्व. जगन्नाथ सर्राफ की पुण्य स्मृति में बुधवार, 18 नवंबर को 46वां निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन एवं मेडिकल कैंप आयोजित किया जाएगा। स्व. सर्राफ के परिवार के सौजन्य से यह शिविर स्थानीय श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
दिल्ली के प्रमुख अस्पतालों के विशेषज्ञ देंगे सेवाएं
शिविर में दिल्ली के ‘वेणु आई इंस्टिट्यूट’ के वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम द्वारा आंखों की जांच और मोतियाबिंद के लैंस वाले ऑपरेशन किए जाएंगे। इसके साथ ही, दिल्ली के ही ‘राजीव गांधी कैंसर इंस्टिट्यूट’ के अनुभवी डॉक्टर गले के कैंसर, ब्लड प्रेशर और शुगर की निःशुल्क जांच करेंगे। ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों के आने-जाने, रहने-खाने, चश्मे और 15 दिन की दवाइयों की पूरी व्यवस्था संस्था की ओर से निःशुल्क रहेगी।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेंगे टोकन
शिविर में जांच के लिए सुबह 8:30 बजे से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर टोकन वितरित किए जाएंगे। यह सुविधा केवल पहले 300 मरीजों के लिए उपलब्ध होगी।
मिशन को जल्द मिलेगा और विस्तार: राजेश चेतन
बीपीएमएस के अध्यक्ष, विख्यात एंकर और अंतरराष्ट्रीय कवि राजेश चेतन ने कहा कि ‘छोटी काशी’ के नाम से प्रसिद्ध भिवानी दानियों की भूमि भी है। यहां गरीबों की मदद के लिए लोग सदैव तत्पर रहते हैं, जिसके चलते संस्था के सेवा मिशन में कभी कोई आर्थिक बाधा नहीं आई। उन्होंने बताया कि संस्था अब तक 45 शिविरों के माध्यम से हजारों जरूरतमंदों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचा चुकी है और बहुत जल्द इस सेवा अभियान को और अधिक विस्तार दिया जाएगा।



