Dadri -Gr.Noidaउत्तर प्रदेश

जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनपदवासियों से की अपील, 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अवश्य करें स्वगणना

जनगणना-2027 में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आमजन को दी स्वगणना की प्रक्रिया एवं महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों की जानकारी

स्वगणना पूर्ण करने के उपरांत प्राप्त सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखें, क्षेत्रीय कार्य के दौरान प्रगणक को कराएं उपलब्ध

ग्रेटर नोएडा कलमबीर रिपोर्टर

जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी, गौतमबुद्धनगर ने जनपद के समस्त आम जनमानस से अपील की है कि वे जनगणना-2027 के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in के माध्यम से अपनी एवं अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूर्ण करें तथा इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
प्रमुख जनगणना अधिकारी ने अवगत कराया कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विभिन्न आवश्यक नागरिक सुविधाओं के प्रभावी नियोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी उद्देश्य से जनगणना-2027 में आम जनमानस को क्षेत्रीय जनगणना कार्य प्रारंभ होने से पूर्व स्वयं अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे यह प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक एवं जनभागीदारीपूर्ण बन सके।
उन्होंने बताया कि स्वगणना के लिए परिवार का कोई एक सदस्य अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल पर लॉगिन कर सकता है। एक ही मोबाइल नंबर से परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज किया जा सकता है। स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत एक विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (Self Enumeration ID/SE ID) प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना अनिवार्य है।

स्वगणना की प्रक्रिया 👇

सर्वप्रथम भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाएं।
पोर्टल पर राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश का चयन करें।
अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन कर उसकी पुष्टि करें।
पोर्टल पर दिए गए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर आगे बढ़ें।
निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मोबाइल नंबर दर्ज करें।
कैप्चा भरें तथा मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें।
लोकेशन मैप होने पर आगे बढ़ें। यदि लोकेशन मैप नहीं होती है तो जिला, उपजिला एवं गांव/शहर का चयन कर मानचित्र पर अपने घर की सही लोकेशन दर्ज करके उसकी पुष्टि करें।
परिवार के मुखिया से संबंधित आवश्यक विवरण भरें।
परिवार के अन्य सदस्यों को एक-एक करके जोड़ें तथा उनकी आवश्यक जानकारी दर्ज करें।
परिवार के सभी सदस्यों का विवरण दर्ज करने के बाद शेष मांगी गई जानकारियां भी पूर्ण करें।
दर्ज की गई समस्त जानकारियों की भली-भांति जांच कर लें।
सभी विवरण सही पाए जाने पर फॉर्म सबमिट करें।
स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद प्राप्त विशिष्ट स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखें।
किसी भी प्रकार की जानकारी एवं सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क करें।

स्वगणना एवं जनगणना से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियां निम्नवत हैं:-

स्वगणना की अवधि: 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक।
जनगणना का द्वितीय चरण (क्षेत्रीय कार्य): 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक।
पुनरीक्षण चरण: 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक।

प्रमुख जनगणना अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का क्षेत्रीय कार्य 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके पश्चात 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण आयोजित होगा। जनपद में इस कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों का प्रशिक्षण पूर्ण कराया जा चुका है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क स्थापित करेंगे तथा आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से अपील की कि स्वगणना पूर्ण करने के उपरांत प्राप्त SE ID को प्रत्येक परिवार सुरक्षित रखे तथा क्षेत्रीय कार्य के दौरान जब प्रगणक उनके घर पहुंचे तो उन्हें यह आईडी उपलब्ध कराएं, ताकि ऑनलाइन दर्ज विवरण का सत्यापन किया जा सके। साथ ही जिन नागरिकों द्वारा ऑनलाइन स्वगणना नहीं की गई है, वे भी प्रगणकों को अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराते हुए जनगणना कार्य में सहयोग करें।
प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनपद के समस्त आम जनमानस से पुनः अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपनी एवं अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूर्ण करें तथा जनगणना-2027 जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर देश के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और बेहतर नागरिक सुविधाओं के नियोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button