नमो भारत मेट्रो रूट को दादरी-सिकंदराबाद होकर चलाने की मांग, सीएम को लिखा पत्र

दादरी: आर्य प्रतिनिधि सभा के उपाध्यक्ष आनंद आर्य ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर गाजियाबाद-बुलंदशहर-खुर्जा नमो भारत मेट्रो रूट को दादरी-सिकंदराबाद होकर चलाने की मांग की है।
पत्र में आनंद आर्य ने कहा है कि जैसा कि विदित है, दिल्ली-मेरठ रूट पर संचालित हो रही नमो भारत मेट्रो ट्रेन की तर्ज पर इसे अन्य रूटों पर भी चलाया जाएगा। जिसमें एक रूट गाजियाबाद से बुलंदशहर-खुर्जा के लिए प्रस्तावित हुआ है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस रूट को जीटी रोड के समांतर दादरी-सिकंदराबाद होकर जनहित में चलाने की कृपा करें, ताकि हजारों दैनिक यात्रियों के अलावा क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
आनंद आर्य ने कहा कि दादरी और सिकंदराबाद औद्योगिक व व्यापारिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। यहां से रोजाना हजारों लोग नौकरी, व्यापार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए गाजियाबाद, दिल्ली, बुलंदशहर और खुर्जा की ओर यात्रा करते हैं। यदि यह रूट दादरी-सिकंदराबाद होकर जाता है, तो इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा होगी।



