देश-दुनियाप्रशासनिक

Ghaziabad में किसान दिवस पर DM के सख्त निर्देश, किसानों की शिकायतों का जल्द निस्तारण कराने को कहा

गाजियाबाद। विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम की शुरुआत उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह द्वारा गत किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के साथ हुई। कुछ शिकायतों के निस्तारण पर किसानों ने संतोष व्यक्त किया। वहीं, जिन मामलों में अभी तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई थी, उनके संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द निस्तारण कर किसान एवं उप कृषि निदेशक को अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कुछ शिकायतों में संतोषजनक रिपोर्ट प्राप्त नहीं होने पर टीम गठित कर निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए।

किसान दिवस के दौरान विकास खंड भोजपुर के ग्राम कलछीना के नाले में सिंचाई के लिए पानी नहीं आने की शिकायत पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तीन दिन के भीतर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने को कहा गया। वहीं, मोदीनगर सब्जी मंडी में खराब पानी की टंकियों के कारण लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। इस पर मंडी समिति सचिव को आगामी दो दिनों में व्यवस्था सुनिश्चित कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

विकास खंड रजापुर के ग्राम दौसा बंजारपुर में मिट्टी खनन की शिकायत पर जिला खनन अधिकारी को शिकायतकर्ता से संपर्क कर तत्काल आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार, लोनी क्षेत्र के ग्राम फरूखनगर से सिरौरा तक जाने वाले टूटे रास्ते की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शिकायतकर्ता से संपर्क कर तत्काल निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में किसानों ने जनपद में पशुओं में होने वाली गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए टीकाकरण कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा अधिकारी, गाजियाबाद को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

किसान दिवस में लगभग 120 किसानों के साथ-साथ संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों के संबंध में एक सप्ताह के भीतर तथ्यात्मक आख्या शिकायतकर्ता एवं उप कृषि निदेशक, गाजियाबाद को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और संबंधित अधिकारी समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button