नेहरा खाप की बेटी निधि चौधरी नेहरा को उत्तर भारत की खापों ने पगड़ी पहनाकर किया सम्मानित

15 नवंबर
नेहरा खाप की बेटी निधि चौधरी नेहरा को उत्तर भारत की विभिन्न खापों ने पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। यह सम्मान न केवल निधि चौधरी नेहरा के लिए, बल्कि पूरे नेहरा खाप, उनके परिवार और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है।
निधि चौधरी नेहरा ने अपनी प्रशासनिक सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और उपलब्धियों से न केवल अपने परिवार का, बल्कि पूरे नेहरा समाज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धियों से प्रभावित होकर उत्तर भारत की विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों ने उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
यह सम्मान समाज के विश्वास, गौरव और उनके उत्कृष्ट योगदान का प्रतीक है। पगड़ी सम्मान को खाप समाज में सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है। यह सम्मान उसी व्यक्ति को दिया जाता है, जिसने अपने काम से समाज का मान बढ़ाया हो।

तीनों भाई-बहनों ने बढ़ाया परिवार का मान
इस संबंध में जानकारी देते हुए नेहरा खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सत्यनारायण नेहरा (भूदका) ने बताया कि निधि चौधरी नेहरा वर्तमान में मुंबई में कलेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
उन्होंने कहा कि यह पूरे नेहरा समाज के लिए गर्व की बात है कि एक ही परिवार के तीनों भाई-बहन सिविल सेवा में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
निधि चौधरी नेहरा — मुंबई में कलेक्टर के पद पर कार्यरत
उनकी छोटी बहन निधि नेहरा — गुजरात के अहमदाबाद में पुलिस कमिश्नर के पद पर कार्यरत
उनके छोटे भाई प्रवीण नेहरा — गुजरात के आनंद में कलेक्टर के पद पर कार्यरत
तीनों भाई-बहनों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर प्रशासनिक सेवाओं में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है।
बेटियों के लिए प्रेरणा
चौधरी सत्यनारायण नेहरा ने कहा कि उत्तर भारत की खापों द्वारा निधि नेहरा को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है। बेटियों की इस प्रकार की उपलब्धियां समाज में नई प्रेरणा पैदा करती हैं।
उन्होंने कहा कि विशेषकर ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए यह संदेश है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और शिक्षा के बल पर वे किसी भी ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं।
उन्होंने कहा कि नेहरा परिवार के तीनों भाई-बहनों की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। समाज को चाहिए कि वह बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दे और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान करे।
समाज के लिए उदाहरण
चौधरी सत्यनारायण नेहरा ने कहा कि निधि, विधि और प्रवीण की उपलब्धियां इस बात का उदाहरण हैं कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर परिवार और समाज का नाम देशभर में रोशन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं है, बल्कि यह पूरे नेहरा खाप की बेटियों का सम्मान है। इससे समाज की अन्य बेटियां भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी।



