
बहादुरगढ़: हरियाणवी लोक संस्कृति की सौंधी खुशबू से सराबोर पांच दिवसीय सांग महोत्सव का सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद धर्मशाला में समापन हुआ। अंतिम दिन सुप्रसिद्ध सांगी पंडित विष्णुदत्त ने अपनी रागनियों और संवादों के जादू से फूल सिंह की अमर गाथा सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक नरेश कौशिक ने लोक कला के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद द्वारा सींची गई हरियाणवी कला आज भी प्रासंगिक है और पंडित विष्णुदत्त इसका ध्वज पूरी निष्ठा से थामे हुए हैं। आयोजन के अंत में धर्मशाला समिति की ओर से कलाकारों का सम्मान किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या के साक्षी समिति संरक्षक पाले राम शर्मा, प्रधान सीलक राम पाराशर, हरीश शर्मा, प्रवीण शर्मा,सुमित अत्री, दीपक राज, सतीश शर्मा, सरपंच टोनी, बीजेपी जिला उपाध्यक्ष नरेश भारद्वाज एवं विभिन्न पार्षदगण बने।



