गोविंदपुरम में युवक पर चाकुओं से हमला, वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग

गाजियाबाद। गोविंदपुरम में बृहस्पतिवार शाम एक युवक पर करीब 15 से 20 युवकों द्वारा चाकुओं से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घायल युवक की पहचान महरौली निवासी हर्ष चौधरी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार हर्ष अपने दोस्तों अंश और ओम के साथ डीडीपीएस गोविंदपुरम के पास स्थित एक होटल में खाना खा रहा था। इसी दौरान सात नामजद और करीब 8 से 10 अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया।
पेट में चाकू से किए दो वार
हर्ष के दोस्त अंश के मुताबिक, हमलावरों ने हर्ष के पेट में चाकू से दो बार वार किया। गंभीर रूप से घायल हर्ष जान बचाने के लिए सड़क की ओर भागा, लेकिन हमलावर उसका पीछा करते रहे। कुछ दूरी तक दौड़ने के बाद हर्ष बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। विरोध करने पर अंश के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
दोस्तों ने गंभीर हालत में हर्ष को सर्वोदय अस्पताल, कविनगर में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
सात नामजद और 8-10 अज्ञात के खिलाफ केस
एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा के अनुसार, हर्ष के पिता विकास की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग समेत सात लोगों को नामजद किया है। नामजद आरोपियों में मिसलगढ़ी निवासी बादल, मारूफ और फरमान, आकाशनगर निवासी समीर और जुनैद उर्फ मुनेश, बापूधाम निवासी सुमित तथा एक नाबालिग शामिल हैं।
इसके अलावा करीब 8 से 10 अज्ञात युवकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस मामले के कारणों, हमले में शामिल सभी लोगों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



