कुड़ी खेड़ा हत्याकांड में 17 साल बाद आया फैसला, 10 दोषियों को आजीवन कारावास

दादरी | सुनील गर्ग
बादलपुर : बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कुड़ी खेड़ा में 17 वर्ष पूर्व हुई हत्या के मामले में जिला गौतमबुद्ध नगर कोर्ट ने 10 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह जानकारी शासकीय अधिवक्ता शिल्पी भदौरिया ने दी।
उन्होंने बताया कि 2009 में चुनावी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। इस दौरान एक युवक प्रमोद की हत्या हुई थी। वादी संजीव ने इस मामले में कुछ लोगों के खिलाफ चुनावी रंजिश को लेकर हत्या का मामला दर्ज कराया था।
संजीव कुमार ने बताया था कि वह अपने बहनोई प्रमोद व अन्य लोगों के साथ गाड़ी में सवार होकर कुड़ी खेड़ा गांव से बाहर निकल ही रहे थे कि अचानक उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई जाने लगीं। जिसमें एक गोली संजीव को लगी थी तथा प्रमोद को कई गोलियां लगी थीं। एक गोली उसके सिर में भी लगी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी।
इस संबंध में 2009 से मुकदमा विचाराधीन चल रहा था। जिला कोर्ट ने हत्याकांड में शामिल दिनेश, रोहतास, राकेश, मनोज, आमोद, सुरेश, सतीश, दुर्गेश, महेश और परमानंद को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
कोर्ट के इस फैसले से पीड़ित पक्ष को राहत मिली है।



