Dadri -Gr.Noidaउत्तर प्रदेश

विकास भवन में किसान दिवस का आयोजन, कृषकों को फार्मर रजिस्ट्री, फसल बीमा और पीएम किसान सम्मान निधि के बारे में किया जागरूक

गौतमबुद्धनगर, 18 नवम्बर 2026: जनपद के कृषकों की कृषि संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी गौतमबुद्धनगर भाल चंद्र त्रिपाठी के निर्देशानुसार बुधवार को विकास भवन स्थित सभागार में उप निदेशक कृषि विवेक दुबे की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया।

प्रगतिशील कृषकों ने किसान दिवस में सम्मिलित होते हुए अपनी समस्याओं को बैठक में रखा। इस कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा फसल बीमा, फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी विषय पर कृषकों के मध्य जागरूकता का प्रचार-प्रसार किया गया तथा निकट भविष्य में खाद क्रय हेतु फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता के सम्बन्ध में जानकारी दी गई।

साथ ही कार्यक्रम में इस विषय पर भी बल दिया गया कि कृषकों द्वारा प्रयोग की जाने वाली खाद की मात्रा, कृषकों को उपलब्ध कराए गए सॉइल हेल्थ कार्ड के निष्कर्षों पर ही आधारित हो। कृषकों को फसल बीमा के विषय में भी जानकारी दी गई तथा सुरक्षित भविष्य हेतु अपनी फसल को भारतीय कृषि बीमा कम्पनी के अन्तर्गत फसल बीमा आच्छादन के अन्तर्गत लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

साथ ही कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की निर्बाध प्राप्ति के लिए कृषकों को ई-केवाईसी कराने एवं अपडेट मिसिंग इन्फॉर्मेशन कराने हेतु जागरूक किया गया।

कृषकों की सहायता हेतु आयोजित इस किसान दिवस कार्यक्रम में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभागों के अधिकारी, जिसमें सिंचाई, ऊर्जा एवं कृषि उत्पादन शाखा से जुड़े विभाग जैसे कृषि, उद्यान, दुग्ध उत्पादन, पशुपालन आदि विभागों के अधिकारियों व एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी के कर्मचारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री व प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से सम्बन्धित समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

उप कृषि निदेशक, गौतमबुद्धनगर द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी कृषकों व कर्मचारी/अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कार्यक्रम समापन की घोषणा की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button