आश्रम मार्केट में बढ़ता अतिक्रमण, आधी सड़क तक कब्जे से राहगीर परेशान
गाजियाबाद। गोविंदपुरम स्थित आश्रम मार्केट में दुकानों के बाहर बढ़ते अतिक्रमण से राहगीरों की परेशानी बढ़ती जा रही है। आरोप है कि कुछ दुकानदारों ने दुकान के सामने सर्विस लेन तक को घेर लिया है और सड़क के करीब आधे हिस्से तक निर्माण कर कब्जा कर लिया गया है। इससे बाजार में आने-जाने वाले लोगों को आवाजाही में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दिनों जिस मार्केट में आग लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, वहां अब दुकानों के सामने किए जा रहे कथित अवैध निर्माण ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि सड़क और सर्विस लेन पर इसी तरह कब्जा बढ़ता रहा तो आपात स्थिति में दमकल और अन्य राहत वाहनों के पहुंचने में भी परेशानी हो सकती है।
कई विभागों की भूमिका पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण की शिकायत के बाद विभिन्न विभागों के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन कार्रवाई के बजाय केवल औपचारिकता पूरी कर लौट गए। इससे अतिक्रमण करने वालों के हौसले बढ़ने की बात कही जा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आश्रम मार्केट में सड़क और सर्विस लेन पर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की जिम्मेदारी आखिर किस विभाग की है। स्थानीय लोग नगर निगम, जीडीए समेत संबंधित विभागों से स्पष्ट कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि जब अतिक्रमण के कारण आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है, तब संबंधित विभागों को एक-दूसरे की जिम्मेदारी तय करने के बजाय संयुक्त रूप से कार्रवाई करनी चाहिए। बाजार में बढ़ते कब्जे पर समय रहते रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।



