33 केवी लाइन में खराबी से सात घंटे बिजली गुल, पानी का संकट भी गहराया
तीन साल से बनी समस्या पर उठे सवाल, ट्रांस हिंडन के कई इलाकों के लोग परेशान
ट्रांस हिंडन, अफजल खान। 33 केवी लाइन में खराबी के कारण सोमवार को ट्रांस हिंडन के कई इलाकों में लोगों को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ा। डिफेंस कॉलोनी, भोपुरा, कृष्णा विहार कुटी, सोनिया विहार कॉलोनी, अभय खंड, न्याय खंड, वसुंधरा और वैशाली समेत कई क्षेत्रों में करीब सात घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
सुबह के समय बिजली गुल होने से पेयजल संकट भी गहरा गया। बिजली नहीं होने के कारण कई घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। लोगों को पीने के पानी के लिए बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ा।
तीन साल से बनी है समस्या
भोपुरा के स्थानीय लोगों का कहना है कि 33 केवी लाइन के बार-बार फेल होने की समस्या करीब तीन वर्षों से बनी हुई है। लोगों के अनुसार दिन में कई बार लाइन फेल होने या बिजली की आंख-मिचौली की स्थिति रहती है। इस संबंध में कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
रात से ही बिजली की आंख-मिचौली
डिफेंस कॉलोनी निवासी सोनू प्रजापति के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे से रात एक बजे तक डिफेंस कॉलोनी, पंचशील कॉलोनी, कृष्णा विहार कुटी और सोनिया विहार कॉलोनी में करीब पांच घंटे बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब पांच बजे से ही बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो गई थी। सुबह पांच से आठ बजे के बीच कई बार बिजली आई और गई। इसके बाद करीब नौ बजे 33 केवी लाइन फेल होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
उद्यमियों को भी अघोषित कटौती से परेशानी
बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर स्थानीय उद्यमियों और कारोबारियों पर भी पड़ रहा है। अघोषित कटौती के कारण कामकाज और उत्पादन प्रभावित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
विद्युत निगम की ओर से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेहतर करने के लिए लाइनों की मरम्मत, क्षमता वृद्धि और नई लाइनों का विस्तार किए जाने की बात कही जाती है। इसके बावजूद स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें बार-बार होने वाली बिजली कटौती और लाइन फेल होने की समस्या से राहत नहीं मिल रही है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि 33 केवी लाइन की समस्या का स्थायी तकनीकी समाधान किया जाए, ताकि बार-बार होने वाली बिजली कटौती से लोगों और कारोबारियों को राहत मिल सके।



