
मिस्टर ३ ने कर लिया कुमारी ६ से विवाह!
तब से हैं दोनों तबाह!
जब भी पास आते हैं
पीठ फेर कर खड़े हो जाते हैं
आंकड़े में ३६ कहलाते हैं!
मैंने पहले कहा था —
मिस्टर ३
तुम मनोविज्ञान को जानो
कोई ३ भी मिले कुँवारी
तो भी ज्यादा खुशी न मानो!
किसी 33-सी जोड़ी को देखो!
पास-पास रहते हैं
पर नज़रें नहीं मिलाते!
इक दूजे को
पीठ ही दिखाते हैं
चेहरा नहीं दिखाते!
अंडरस्टैंडिंग क्या बनेगी
इक दूजे को समझ ही नहीं पाते!
बनानी ही है
तो जोड़ी ६३ सी बनाओ!
तुम ६ हो तो कोई ३ सी ढूँढ़ लाओ!
सदा इक-दूजे का मुँह निहारोगे!
चाँद-चाँदनी से खिल जाओगे
मेरी नहीं सुनते, न सुनो!
गणित की सुनो!
अंकों की शक्ल और पोसचर को गुनो!!
डॉ. अशोक बत्रा, गुरुग्राम



