दादरी: कार से टकराई बाइक, हादसे में युवक की मौत, दोस्त जिंदगी-मौत से जूझ रहा

दादरी / सचखंड न्यूज़ – सुनील गर्ग
खोड़ा कॉलोनी से अलीगढ़ जा रहे दो बाइक सवार एक कार से टकरा गए, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें एनएचएआई के कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की शिकायत मृतक के पिता द्वारा कोतवाली में दर्ज कराई गई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दीपक विहार खोड़ा कॉलोनी के रहने वाले प्रकाश राम ने शिकायत में कहा है कि उनका पुत्र हिमांशु आर्य अपने दोस्त सुमित के साथ अलीगढ़ जा रहा था।
शिकायत के अनुसार, बील अकबरपुर के पास गलती से वह पेरीफेरल पर चढ़ गया। जब वह वापस आ रहा था, तो उसके आगे चल रही कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिस कारण हिमांशु की मोटरसाइकिल कार से टकरा गई।
दोनों हुए गंभीर घायल
इस हादसे में हिमांशु और उसका दोस्त सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें एनएचएआई के कर्मचारियों ने नजदीकी ग्रेटर नोएडा में स्थित निम्स अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां उपचार के दौरान हिमांशु की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त सुमित अभी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
पुलिस कर रही है जांच
मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है।



