दादरी: तलाक के बाद भी पूर्व पति पर जान से मारने की धमकी और अभद्र भाषा का आरोप, महिला ने कोतवाली में दी शिकायत

दादरी- सुनील गर्ग
कोतवाली क्षेत्र में शादी के बाद संबंध विच्छेद होने के बावजूद पूर्व पति द्वारा जान से मारने की धमकी देने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, तुलसी विहार की रहने वाली ज्योति ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि उनकी शादी 3 मार्च 2016 को हिंदू रीति-रिवाज के साथ हिमांशु के साथ हुई थी। मगर 2 साल के बाद ही उनके संबंध विच्छेद हो गए थे।
ज्योति का आरोप है कि पिछले दो-तीन महीने से हिमांशु फोन करके अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। साथ ही उन पर झूठे आरोप भी लगा रहा है।
सदमे में है पीड़िता और परिवार
शिकायत में ज्योति ने कहा है कि इस कारण वह और उनका परिवार सदमे में है। डर के कारण वह घर से बाहर भी नहीं निकल पा रही हैं और उनका परिवार भी बेहद परेशान है।
पुलिस कर रही है जांच
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।



