1 अक्टूबर से ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल
गाजियाबाद में 1 अक्टूबर से ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ अभियान
गाजियाबाद में बढ़ते वायु प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाकर प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन के निर्देश के अनुसार, 1 अक्टूबर से ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) के बिना वाहनों को पेट्रोल और डीजल नहीं दिया जाएगा। पेट्रोल पंपों पर वाहनों की पीयूसीसी की जांच की जाएगी।
अभियान के दौरान बीएस-4 मानक से नीचे के वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को नियमानुसार स्क्रैप किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाले पुराने और अधिक उत्सर्जन करने वाले वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का मानना है कि संयुक्त कार्रवाई से जिले में वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।




