
बहादुरगढ़:दशकों पूर्व व्यवसाय के सिलसिले में दिल्ली जा बसे राठी परिवार का अपनी माटी और पैतृक गांव खरहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचल से दिलों का रिश्ता आज भी उतना ही प्रगाढ़ है। इसी आत्मीयता की एक अनूठी झलक गांव छारा स्थित प्रसिद्ध ‘पीलिया जोहड़’ पर देखने को मिली, जब समाजसेवी भूपेंद्र कप्तान राठी के पौत्र ‘भौमिक’ के जन्म की खुशी में परिवार द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

फूलमालाओं से लादा, ड्रोन से हुई पुष्पवर्षा
भंडारे के अवसर पर जब भौमिक के पिता दीपांशु राठी और चाचा जतिन राठी सपरिवार जोहड़ प्रांगण में पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पीलिया जोहड़ विकास समिति के प्रधान सत्येंद्र दलाल, सरपंच प्रतिनिधि दीपक दलाल और युवा साथियों सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने राठी परिवार के सदस्यों को फूलमालाओं से लादकर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान लोकसंगीत से हुआ अतिथियों का स्वागत और ड्रोन के माध्यम से उपस्थित जनसमूह पर की गई पुष्पवर्षा सभी के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही।

दिवंगत कप्तान राठी की विरासत को आगे बढ़ा रहा परिवार
क्षेत्रवासियों और जोहड़ विकास समिति के पदाधिकारियों ने राठी परिवार के समाजसेवी कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि दिवंगत समाजसेवी कप्तान राठी के पदचिह्नों पर चलते हुए उनके पुत्र भूपेंद्र कप्तान राठी और उनका परिवार निरंतर क्षेत्र के विकास में योगदान दे रहा है। छारा के ऐतिहासिक पीलिया जोहड़ और उससे सटे पितृभक्त श्रवण कुमार मंदिर के जीर्णोद्धार में परिवार की भूमिका बेहद सराहनीय रही है। इसके अतिरिक्त, मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम और भोजन की व्यवस्था के लिए राठी परिवार द्वारा रसोई व कमरों का निर्माण करवाना ग्रामीणों के प्रति उनके निःस्वार्थ स्नेह को दर्शाता है।
कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर महाराज रामानंद, सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के पूर्व निदेशक कृष्ण दलाल, खाप 14 के प्रधान जोगेंद्र दलाल, सोनू ठेकेदार, आनंद सैनी, राजकुमार दलाल, जगदीश दलाल सहित जोहड़ विकास समिति के सदस्य वीरेंद्र दलाल, हरविंदर, कर्मबीर, मनीष, राजेंद्र, रविंद्र, मोहित, मुकेश, सुमित और संजीव दलाल मुख्य रूप से मौजूद रहे।



